Multai News : मुलताई। बैतूल जिले के कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने मंगलवार को मुलताई जनपद पंचायत कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें और समस्याएं लेकर पहुंचे।
जनसुनवाई सुबह 11 बजे से निर्धारित थी, लेकिन कलेक्टर से मिलने के लिए लोग सुबह 10 बजे से ही कार्यालय परिसर में पहुंचने लगे थे। कलेक्टर दोपहर करीब 12 बजे जनसुनवाई स्थल पहुंचे और एक-एक कर आवेदनों पर सुनवाई की। इस दौरान एसडीएम राजीव काहर, तहसीलदार संजय बारिया, सीएमओ वीरेंद्र तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
जनसुनवाई में लोगों ने जमीन विवाद, ताप्ती वार्ड में पेयजल संकट, ताप्ती नदी क्षेत्र में अतिक्रमण समेत अन्य नागरिक समस्याओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए।
इसी दौरान सैया बाई नामक महिला ने कलेक्टर से बिजली समस्या की शिकायत की। महिला ने बताया कि पिछले दो महीने से उनके घर की बिजली काट दी गई है, जिससे परिवार अंधेरे में रहने को मजबूर है। महिला के अनुसार बिजली मीटर किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर है, बावजूद इसके उन पर 10 हजार रुपए का बकाया निकाल दिया गया है। उन्होंने बताया कि कई बार बिजली कंपनी के अधिकारियों से शिकायत करने के बाद भी उनकी बिजली लाइन दोबारा नहीं जोड़ी गई।
https://www.instagram.com/reel/DYzAcdSsZYi/?utm_source=ig_web_copy_link&igsh=MzRlODBiNWFlZA==

महिला की समस्या को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने मौके पर मौजूद बिजली विभाग के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अधिकारियों ने महिला को आश्वासन दिया कि मंगलवार को ही उनके घर की बिजली लाइन जोड़ दी जाएगी और पूरे मामले का उचित समाधान किया जाएगा।

कलेक्टर ने जनसुनवाई में पहुंचे सभी नागरिकों को उनकी समस्याओं के शीघ्र निराकरण का भरोसा दिलाया। साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करते हुए शिकायतों का समय सीमा में समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
More Video tapti darsan News






