Instagram Scam : इंस्टाग्राम पर कैम्पा कोला की फर्जी डिस्ट्रीब्यूटरशिप का झांसा, युवक से 1.28 लाख की ऑनलाइन ठगी

On: May 28, 2026 11:27 AM
Follow Us:

Instagram Scam : बैतूल जिले के चोपना थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर “रिलायंस कैम्पा कोला” की फर्जी डिस्ट्रीब्यूटरशिप और मुफ्त फ्रिज का लालच देकर युवक से 1 लाख 28 हजार 560 रुपए की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर सेल की मदद से जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक ग्राम कोल्हिया निवासी राजेश विश्वास के भाई मुकेश ने 12 मई 2026 को इंस्टाग्राम पर कैम्पा कोला की सस्ती डिस्ट्रीब्यूटरशिप से जुड़ा विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने पर ठगों ने खुद को कंपनी का डीलर बताते हुए भरोसे में लिया।

ठगों ने पहले गाड़ी की व्यवस्था के नाम पर 10 हजार रुपए जमा करवाए। इसके बाद लोडिंग और गाड़ी निकालने के बहाने कोटक महिंद्रा बैंक खाते में 36 हजार रुपए ट्रांसफर कराए गए। फिर रिफंडेबल रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर पंजाब नेशनल बैंक खाते के बारकोड पर 25 हजार 500 रुपए जमा करवाए गए। इसके बाद ई-वे बिल और फाइनल भुगतान के नाम पर 31 हजार 560 रुपए और 25 हजार 500 रुपए और ऐंठ लिए गए। इस तरह कुल 1 लाख 28 हजार 560 रुपए की ठगी की गई।

चोपना थाना पुलिस ने मोबाइल नंबर 8269414694 और 8383049291 सहित संबंधित बैंक खाताधारकों के खिलाफ अपराध क्रमांक 69/26 के तहत धारा 318(4) और 319(2) बीएनएस में मामला दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर चल रहे आकर्षक विज्ञापनों और फर्जी डिस्ट्रीब्यूटरशिप ऑफर के झांसे में न आएं। किसी भी कंपनी की फ्रेंचाइजी या डिस्ट्रीब्यूटरशिप लेने से पहले उसकी आधिकारिक वेबसाइट और कार्यालय से जानकारी जरूर लें। पुलिस ने यह भी कहा कि कोई भी वास्तविक कंपनी फोन या क्यूआर कोड के माध्यम से पैसे जमा करने के लिए नहीं कहती। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर और राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment