Betul News : रात्रि चौपाल की शिकायत पर कार्रवाई, कोठिया आंगनवाड़ी कार्यकर्ता बर्खास्त

On: May 27, 2026 11:34 AM
Follow Us:

Betul News : बैतूल। आमला तहसील के कोठिया आंगनवाड़ी केंद्र में लगातार लापरवाही बरतने के मामले में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता नीतू यादव को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। यह कार्रवाई कलेक्टर की रात्रि चौपाल में मिली शिकायत के बाद की गई।

जानकारी के अनुसार, 6 मई 2026 को आयोजित रात्रि चौपाल में क्लस्टर अधिकारी ने शिकायत की थी कि नीतू यादव नियमित रूप से आंगनवाड़ी केंद्र का संचालन नहीं कर रही हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने परियोजना अधिकारी निर्मल सिंह ठाकुर को तत्काल नोटिस जारी करने के निर्देश दिए थे।

नोटिस के बाद भी जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर एसडीएम शैलेंद्र बड़ोनिया के निर्देश पर परियोजना अधिकारी और दो पर्यवेक्षकों की टीम ने 12 मई को केंद्र का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दोपहर 2 बजे भी आंगनवाड़ी केंद्र बंद मिला।

इसके बाद दोबारा नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया, लेकिन कार्यकर्ता का स्पष्टीकरण फिर असंतोषजनक पाया गया। मामले की जांच के बाद परियोजना अधिकारी ने बर्खास्तगी का प्रस्ताव एसडीएम के समक्ष प्रस्तुत किया, जिसे मंजूरी मिलने के बाद 26 मई 2026 को नीतू यादव को तत्काल प्रभाव से सेवा से हटा दिया गया।

वहीं, आंगनवाड़ी सहायिका मुन्नी यादव को भी कर्तव्य के प्रति उदासीनता बरतने पर नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि कार्यप्रणाली में सुधार नहीं होने पर उनके खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने साफ किया है कि आंगनवाड़ी केंद्रों में लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का पालन नहीं करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment