Bakrid 2026 : बैतूल में भाईचारे और अकीदत के साथ मनाई गई ईद-उल-अजहा

Follow Us:

ईदगाहों और मस्जिदों में अदा हुई नमाज, देश में अमन-चैन की मांगी दुआ

Bakrid 2026 : बैतूल जिले में गुरुवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व पूरे उत्साह, अकीदत और भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह से ही जिले की मस्जिदों और ईदगाहों में नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी। शहर की सदर ईदगाह में मुख्य नमाज जामा मस्जिद के इमाम मौलाना जावेद चिश्ती ने अदा कराई। नमाज के दौरान मुस्लिम समाज के लोगों ने देश में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी।

नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। ईदगाह परिसर में भाईचारे और सौहार्द का सुंदर माहौल देखने को मिला। बच्चे नए कपड़ों में नजर आए, वहीं लोगों ने एक-दूसरे के घर पहुंचकर ईद की खुशियां साझा कीं।

बैतूल शहर के अलावा सारणी, शाहपुर, आमला, मुल्ताई, भैंसदेही, बोरदही, आठनेर और चिचोली में भी शांतिपूर्ण माहौल में ईद की नमाज अदा की गई। अंजुमन इस्लामिया कमेटी के अध्यक्ष वसीम खान पाशु ने बताया कि शहर की 11 मस्जिदों में पूर्व निर्धारित समय पर ही जमात संपन्न हुई।

ईद पर्व को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। सदर ईदगाह सहित प्रमुख मस्जिदों और कब्रिस्तानों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। एडिशनल एसपी कमला जोशी और एसडीओपी सुनील लाटा ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

वहीं नगरपालिका प्रशासन ने मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया। नमाजियों की सुविधा के लिए पेयजल और प्रकाश व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई। प्रशासन और नागरिकों के सहयोग से जिलेभर में ईद-उल-अजहा का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment