Multai Crime News : मुलताई। शहर के बेलदार मोहल्ले में बुधवार रात पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के युवकों ने दूसरे पक्ष पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे एक युवक घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
मिली जानकारी के अनुसार पुरानी आपसी रंजिश के चलते हरीश, नवनीत, राहुल और रितिक का मौसम, सुमित और चेतन के साथ विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में एक युवक घायल हो गया, जिसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों को समझाइश देकर शांत कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में बड़ी घटना होने से टल गई।
पुलिस ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। पूछताछ के बाद आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में लेने के बजाय पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे।






