Betul Accident News : बैतूल-खंडवा स्टेट हाईवे पर मोहदा के पास बुधवार रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा रतू मर्सकोले के ढाबे के पास बाइक और पिकअप की टक्कर से हुआ।
मृतक की पहचान बसींदा निवासी गोविंद (25) पिता बिरजू के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार गोविंद बुधवार रात अपनी मोटरसाइकिल से मोहदा की ओर जा रहा था। इसी दौरान बैतूल की दिशा से आ रही पिकअप क्रमांक एमपी 48 सी 2990 ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गोविंद की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर भागने लगा, लेकिन नादा के पास कुछ लोगों ने पिकअप को रोक लिया। हालांकि चालक और कंडक्टर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर मोहदा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पिकअप को जब्त कर थाने ले आई।
बताया गया है कि मृतक गोविंद खेती का काम करता था और होली का त्योहार मनाने के लिए अपने रिश्तेदार के घर जा रहा था। उसके परिवार में छह माह का एक छोटा बच्चा भी है। युवक की मौत से परिवार में मातम का माहौल है।

मोहदा थाना प्रभारी वी.के. मौर्य ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। फरार पिकअप चालक की तलाश की जा रही है। मृतक का पोस्टमार्टम भीमपुर अस्पताल में कराया जा रहा है।






