Scholarship Portal Issue : छात्रवृत्ति में देरी पर जेएच कॉलेज के छात्रों का प्रदर्शन

On: March 3, 2026 6:47 AM
Follow Us:

कलेक्ट्रेट पहुंचकर सौंपा ज्ञापन, पोर्टल जल्द शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी

Scholarship Portal Issue : बैतूल स्थित जयवंती हक्सर महाविद्यालय के बी.एससी. चौथे वर्ष एवं एम.एससी. के छात्रों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। छात्रों ने छात्रवृत्ति वितरण में देरी और पोर्टल की तकनीकी समस्याओं को लेकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल समाधान की मांग की।

प्रदर्शन का नेतृत्व अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के नगर सहमंत्री ने किया। छात्रों का कहना है कि शैक्षणिक सत्र 2024-25 में बी.एससी. चौथे वर्ष के पात्र विद्यार्थियों को अब तक छात्रवृत्ति राशि प्राप्त नहीं हुई है। वहीं एम.एससी. छात्रों के लिए छात्रवृत्ति पोर्टल अभी तक सक्रिय नहीं किया गया, जिससे वे आवेदन ही नहीं कर पा रहे हैं।

पढ़ाई और आर्थिक स्थिति पर असर

छात्रों ने बताया कि पोर्टल बंद होने के कारण आवेदन प्रक्रिया बाधित है और छात्रवृत्ति मिलने में और अधिक देरी की आशंका है। इससे उनकी पढ़ाई के साथ-साथ आर्थिक स्थिति भी प्रभावित हो रही है। एबीवीपी ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित विभाग को तत्काल निर्देश जारी कर छात्रवृत्ति भुगतान प्रक्रिया शुरू की जाए तथा एम.एससी. का पोर्टल शीघ्र सक्रिय किया जाए।

छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

प्राचार्य का पक्ष

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मीनाक्षी चौबे ने बताया कि सत्र 2024-25 में स्नातक चतुर्थ वर्ष में प्रवेशित विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति संबंधी कार्रवाई शासन स्तर पर प्रक्रियाधीन है। महाविद्यालय स्तर पर इस संबंध में कोई प्रकरण लंबित नहीं है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि स्नातक चतुर्थ वर्ष की छात्रवृत्ति प्राप्त होने के बाद ही विद्यार्थी स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष की छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कर सकेंगे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment