15 वार्डों में बनेगी अलग-अलग टीमें, समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश
Census 2027 : मुलताई। वर्ष 2027 की प्रस्तावित जनगणना के प्रथम चरण की तैयारियां नगर में शुरू हो गई हैं। यह चरण 1 मार्च से 30 मई 2026 तक चलेगा, जिसके अंतर्गत मकानों का सूचीकरण एवं भवनों की नंबरिंग की जाएगी।
मुलताई नगर पालिका परिषद ने बैतूल कलेक्टर के निर्देश पर इस संबंध में संशोधित आदेश जारी किया है। मुख्य नगरपालिका अधिकारी वीरेंद्र तिवारी द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि नगर के सभी 15 वार्डों में स्थित भवनों पर जनगणना भवन क्रमांक अंकित किए जाएंगे।
प्रत्येक वार्ड में गठित की गई टीमें
इस कार्य के सुचारू संचालन के लिए प्रत्येक वार्ड में प्रभारी अधिकारी एवं सहयोगी कर्मचारियों की टीम गठित की गई है। ये टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में मकानों की गणना और भवन क्रमांकन का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करेंगी।
ताप्ती, तिलक, भगतसिंह, सुभाष, शास्त्री, गुरुसाहब, महावीर, विवेकानंद, नेहरू, आजाद, पटेल, गांधी, अंबेडकर, राजीव गांधी और इंदिरा गांधी वार्ड में अलग-अलग कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी वार्ड प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपनी टीम के साथ समन्वय स्थापित कर समयबद्ध तरीके से कार्य सुनिश्चित करें।

लापरवाही पर होगी कार्रवाई
नगरपालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कार्य आगामी जनगणना प्रक्रिया के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक तैयारी और कार्रवाई तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश में यह भी कहा गया है कि किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नगरपालिका परिषद मुलताई द्वारा इस संबंध में कलेक्टर बैतूल एवं जिला शहरी विकास अभिकरण को भी पत्र की प्रतिलिपि प्रेषित कर दी गई है, ताकि संपूर्ण प्रक्रिया की निगरानी एवं समन्वय सुनिश्चित किया जा सके।






