Multai Accident News : बोरवेल मशीन की टक्कर से डॉक्टर की दर्दनाक मौत, सिर के ऊपर से गुजरा भारी चक्का

On: March 5, 2026 9:41 AM
Follow Us:

Multai Accident News : मुलताई। बिरुल बाजार क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्थानीय चिकित्सक डॉ. राकेश खाखरे की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार बोरवेल मशीन ने उनकी दोपहिया वाहन को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह दुर्घटना साईंखेड़ा के पास गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे हुई। डॉ. राकेश खाखरे अपने निवास से बैतूल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही बोरवेल मशीन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगने से डॉ. खाखरे बाइक से नीचे गिर गए और बोरवेल मशीन का पिछला भारी चक्का उनके सिर के ऊपर से गुजर गया। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही साईंखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों और फरार वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।

इस हादसे के बाद क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़कों पर भारी वाहनों की बढ़ती आवाजाही और चालकों की लापरवाही के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से इस पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment