Eid-ul-Adha 2026 : बैतूल। जिले में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व 28 मई गुरुवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। अंजुमन इस्लामिया कमेटी के अध्यक्ष वसीम खान पाशु ने बताया कि शहर की ईदगाह सहित 11 प्रमुख मस्जिदों में विशेष नमाज अदा की जाएगी। इसके लिए समय सारिणी जारी कर दी गई है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार ईदगाह सदर और गौसिया रहमानिया मस्जिद में सुबह 7:30 बजे नमाज अदा की जाएगी। जामा मस्जिद कोठी बाजार और सदर मस्जिद में सुबह 8:30 बजे नमाज होगी। हसनैन मस्जिद में सुबह 8:45 बजे और गंज मस्जिद में सुबह 9 बजे नमाज का समय निर्धारित किया गया है।
इसके अलावा गर्ग कॉलोनी और अहले-हदीस मस्जिद में सुबह 7 बजे, दारुल फलाह मस्जिद और मेंहदी मस्जिद मुर्गी चौक में सुबह 8 बजे तथा कादरिया मस्जिद चक्कर रोड में सुबह 7:45 बजे नमाज अदा की जाएगी। कमेटी ने स्पष्ट किया है कि किसी भी मस्जिद में दूसरी जमात आयोजित नहीं होगी।
ईद पर्व को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं। ईदगाह पर दो डीएसपी, दो थाना प्रभारी, तीन सब इंस्पेक्टर सहित करीब 40 पुलिसकर्मियों का बल तैनात रहेगा। वहीं शहर की सभी प्रमुख मस्जिदों और कब्रिस्तानों में भी अतिरिक्त पुलिस बल मौजूद रहेगा, ताकि शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे।

नगरपालिका प्रशासन ने मुस्लिम बहुल इलाकों में विशेष साफ-सफाई व्यवस्था के निर्देश जारी किए हैं। इन क्षेत्रों में कचरा वाहन दो बार भेजे जाएंगे। साथ ही पर्याप्त पेयजल और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।






