Multai News : मुलताई। माँ ताप्ती सम्पूर्ण परिक्रमा पदयात्रा के यात्री लगभग 1800 किलोमीटर की लंबी यात्रा पूरी कर गुरुवार को मुलताई पहुंचे। 64 दिनों तक चली इस पदयात्रा के नगर में प्रवेश करते ही पारेगांव रोड पर श्रद्धालुओं और नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर पदयात्रियों का भव्य स्वागत किया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में “जय माँ ताप्ती” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
पदयात्रियों के मुलताई पहुंचने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्वागत के लिए एकत्र हो गए। नगर में प्रवेश करते ही श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। इसके बाद पारेगांव रोड स्थित वृंदावन रिसॉर्ट में पदयात्रियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। यहां श्रद्धालुओं ने पदयात्रियों के चरण पखारकर उनका सम्मान किया।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुलताई से सूरत और सूरत से मुलताई तक की यात्रा के दौरान सेवा देने वाले सेवाभावियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने इस कठिन पदयात्रा को श्रद्धा, सेवा और संकल्प का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि इतनी लंबी पदयात्रा केवल माँ ताप्ती के प्रति अटूट विश्वास और गहरी आस्था से ही संभव हो पाती है।
आयोजन के दौरान दोपहर में भोजन महाप्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। इसके बाद दोपहर 3:30 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें पदयात्री और श्रद्धालु नगर के प्रमुख मार्गों से होकर शामिल हुए। शोभायात्रा में भक्तजन भजन-कीर्तन करते हुए माँ ताप्ती के जयकारे लगा रहे थे।

कार्यक्रम के तहत शाम 6 बजे ताप्ती सरोवर पर कलश पूजन एवं विसर्जन किया गया। इसके उपरांत शाम 6:30 बजे माँ ताप्ती की भव्य महाआरती संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
रात्रि 8 बजे भोजन प्रसादी के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। आयोजन समिति ने सभी ताप्ती भक्तों और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस धार्मिक आयोजन के साक्षी बनने और पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की।







