Betul Fire News : बैतूल। शहर के काला पाठा इलाके में स्थित एक निजी स्कूल परिसर में खड़ी बस में बीती रात अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना से इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार रात के समय स्कूल परिसर में खड़ी बस से अचानक धुआं और लपटें उठने लगीं। आसपास मौजूद लोगों और स्कूल के चौकीदार ने तुरंत नगर पालिका की फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल वाहन के मौके पर पहुंचने तक बस का अधिकांश हिस्सा जल चुका था। फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
गनीमत रही कि बस के पास खड़ी अन्य बसें आग की चपेट में नहीं आईं, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। यदि आग फैल जाती तो कई बसों को नुकसान हो सकता था।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस खड़ी करने के बाद संभवतः कोई स्विच चालू रह गया था, जिससे शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। इस घटना में लगभग 25 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
गंज थाना प्रभारी नीरज पाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस ने आगजनी का प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।






