Surya Namaskar : राष्ट्रीय युवा दिवस पर बैतूल में सामूहिक सूर्य नमस्कार, केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके ने युवाओं को दिया प्रेरक संदेश

On: January 12, 2026 8:26 AM
Follow Us:

Surya Namaskar : स्वामी विवेकानंद की 163वीं जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर सोमवार को बैतूल जिले के स्कूलों और कॉलेजों में सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिले का मुख्य कार्यक्रम जेएच कॉलेज में आयोजित हुआ, जिसमें केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री दुर्गादास उइके मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अधिकारियों ने अनुशासन के साथ सूर्य नमस्कार और प्राणायाम किया। सभी प्रतिभागियों ने सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम के तीन-तीन चक्रों का अभ्यास किया।

शरीरबल और मनोबल के लिए सूर्य नमस्कार आवश्यक

अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने विषम परिस्थितियों में भी भारत की गौरवशाली संस्कृति को विश्व पटल पर स्थापित किया। उन्होंने कहा कि शरीरबल, मनोबल, आत्मबल और ब्रह्मबल के विकास के लिए सूर्य नमस्कार अत्यंत आवश्यक है। स्वस्थ शरीर और सशक्त मन वाला व्यक्ति ही राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभा सकता है।

भारत विश्व का सबसे युवा देश

मंत्री उइके ने युवाओं से भयमुक्त होकर अपने शरीर को मजबूत और चरित्र को सुदृढ़ बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे युवा देश है और देश के भविष्य की जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर है। यदि युवा सही दिशा में आगे बढ़ेंगे तो राष्ट्र स्वतः प्रगति करेगा।

मुख्यमंत्री के संदेश का सजीव प्रसारण

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती और स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। कार्यक्रम का संचालन कृष्णा हजारे ने किया। इस दौरान भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के उद्बोधन को उपस्थित लोगों ने सुना।

इसके साथ ही आकाशवाणी के माध्यम से मुख्यमंत्री का संदेश, राष्ट्रगीत वंदे मातरम् एवं स्वामी विवेकानंद की वाणी का प्रसारण किया गया।

जिलेभर में हुआ आयोजन

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुधाकर पवार, जिला पंचायत सीईओ अक्षत जैन, अपर कलेक्टर वंदना जाट, जिला शिक्षा अधिकारी अनिल कुशवाह, एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह, स्वामी स्वाम्यानंद जी महाराज सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। जिले की सभी शिक्षण संस्थाओं में यह कार्यक्रम सुबह 9 बजे से 10:30 बजे तक आयोजित किया गया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment