Betul Accident News : इटारसी रोड पर भीषण हादसा: खड़ी क्रेन से टकराई कार, तीन दोस्तों की मौत

On: March 3, 2026 6:28 AM
Follow Us:

ढाबे से लौटते समय हुआ एक्सीडेंट, दो घायल; एक को नागपुर रेफर

Betul Accident News : बैतूल। शहर के बैतूल में सोमवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र में इटारसी रोड स्थित बसंत पेट्रोल पंप के पास रात करीब 3 बजे हुआ।

जानकारी के अनुसार, कार (MP04-YP3795) सड़क किनारे खड़ी क्रेन (MH18-BC9763) से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में पांच दोस्त सवार थे, जो एक ढाबे से खाना खाकर लौट रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया।

घटना के बाद स्थानीय लोग और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचे। कार में फंसे युवकों को निकालने के लिए दरवाजे और शीशे तोड़ने पड़े। घायलों को 108 एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों और घायलों की पहचान

हादसे में गर्ग कॉलोनी निवासी ऋतिक सोलंकी (30), रामनगर निवासी विनय प्रजापति (21) और रामनगर निवासी अभय ठाकुर (22) की मौत हो गई। घायलों में गंज निवासी देवा पांडे (32) और रामनगर निवासी आकाश पाल (30) शामिल हैं।

बताया गया कि हादसे के समय ऋतिक सोलंकी कार चला रहा था। वह भोपाल में किराए की टैक्सी चलाता था और दो भाइयों में सबसे बड़ा था। अभय ठाकुर एक फाइनेंस कंपनी में रिकवरी एजेंट के रूप में कार्यरत था। वह अपने परिवार का इकलौता बेटा था।

वहीं, घायल देवा पांडे पढ़ाई कर रहा है। आकाश पाल अपने पिता सचिन पाल के साथ दोना-पत्तल का व्यवसाय संभालता है। आकाश की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए नागपुर रेफर किया गया है।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

इस हृदयविदारक हादसे से शहर में शोक की लहर है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment