Multai News : मुलताई नगर पालिका परिषद में विकास कार्यों को लेकर भेदभाव के आरोप सामने आए हैं। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष नीतू प्रहलाद सिंह परमार, नपा उपाध्यक्ष शिव माहौरे, पार्षद अंजलि शिवहरे और निर्मला उबनारे ने शुक्रवार को मुख्य नगरपालिका अधिकारी वीरेंद्र तिवारी को पत्र सौंपकर कई वार्डों में विकास कार्य शुरू नहीं होने पर आपत्ति दर्ज कराई है।
श्रीमती परमार ने आरोप लगाया कि कांग्रेस समर्थित वार्डों के साथ लगातार भेदभाव किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ताप्ती वार्ड, महावीर वार्ड, गांधी वार्ड, गुरुसाहब वार्ड, विवेकानंद वार्ड और आजाद वार्ड में कई विकास कार्यों के टेंडर महीनों पहले हो चुके हैं, लेकिन अब तक कार्य प्रारंभ नहीं किए गए हैं। इससे संबंधित वार्डों के नागरिकों में रोष बढ़ता जा रहा है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शासन के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद कुछ अवैध कॉलोनियों में नियमों को दरकिनार कर सड़क और नाली निर्माण कराए जा रहे हैं, जबकि स्वीकृत वार्डों के कार्य लंबित रखे गए हैं।
पूर्व नपा अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिवस के भीतर संबंधित वार्डों में स्वीकृत विकास कार्य प्रारंभ नहीं किए गए, तो वे वार्डवासियों के साथ मिलकर कलेक्टर से शिकायत करेंगी।
पत्र में विभिन्न वार्डों के लिए विकास कार्यों की मांग भी रखी गई है। इनमें ताप्ती वार्ड में कलीराम के घर से मनीष बंसोड के घर तक सड़क निर्माण, नारायण ठाकुर के घर से आशीर्वाद लॉन तक सड़क निर्माण, महावीर वार्ड में अरुण साहू से मंगल साहू के मकान तक सड़क व नाली निर्माण, अशोक राहीम के पीछे रिटेनिंग वॉल तथा जैन मंदिर के सामने पेवर ब्लॉक सड़क निर्माण शामिल हैं।
इसी प्रकार गुरुसाहब वार्ड में जेपी अग्रवाल के मकान से धर्मराज अंठी के मकान तक सड़क निर्माण, विवेकानंद वार्ड की शास्त्री गली में पेवर ब्लॉक सड़क तथा आजाद वार्ड में सड़क और नाली निर्माण की मांग की गई है।
श्रीमती परमार ने कहा कि नगर के सभी वार्डों के साथ समान व्यवहार होना चाहिए। यदि विकास कार्यों में भेदभाव नहीं रोका गया तो जन आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।






