Multai Mandi News : मुलताई। कृषि उपज मंडी समिति मुलताई ने अवैध परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बुधवार सुबह एक 16 चक्का ट्रक जब्त किया है। यह कार्रवाई नागपुर रोड स्थित चिचंडा के पास नियमित चेकिंग के दौरान की गई, जहां ट्रक में बड़ी मात्रा में सोयाबीन भरा हुआ पाया गया।
दस्तावेज न होने पर हुई कार्रवाई
मंडी कर्मचारियों ने जांच के दौरान ट्रक (क्रमांक MP 12 ZF 9440) को रोका और चालक से मंडी टैक्स से संबंधित दस्तावेज मांगे। चालक कोई वैध दस्तावेज या टैक्स भुगतान का प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके चलते मंडी अमले ने तत्काल ट्रक को जब्त कर लिया।
टैक्स बचाने के लिए बदला गया रूट
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक मध्यप्रदेश के खंडवा से सोयाबीन भरकर महाराष्ट्र के रास्ते छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव ले जाया जा रहा था। आशंका है कि मंडी टैक्स से बचने के उद्देश्य से यह परिवहन बिना दस्तावेजों के किया जा रहा था, जिससे शासन को राजस्व हानि हो सकती थी।
पांच गुना टैक्स वसूली की तैयारी
मंडी सचिव शीला खातरकार ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। नियमानुसार ट्रक मालिक और परिवहनकर्ता पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण में पांच गुना मंडी टैक्स वसूला जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी अनियमितताओं पर अंकुश लगाया जा सके।
चेकिंग अभियान रहेगा जारी
इस कार्रवाई में प्रभारी मंडी निरीक्षक डी.पी. नरें और कर्मचारी चंपा तुमडाम की अहम भूमिका रही। मंडी प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए आगे भी सघन चेकिंग अभियान जारी रखा जाएगा।






