Multai ki Khaber : मुलताई में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय ताप्ती महोत्सव को भव्य और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को तहसील कार्यालय में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें महोत्सव की व्यवस्थाओं को लेकर विभिन्न विभागों के बीच समन्वय पर जोर दिया गया।
बैठक में महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों, आमजन की सुविधाओं, कलाकारों की सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बाहर से आने वाले कलाकारों के ठहरने और उनके आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।

एसडीएम राजीव कहार ने कहा कि तीन दिवसीय ताप्ती महोत्सव नगर की आस्था, संस्कृति और परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने, पार्किंग स्थलों का पूर्व चयन करने तथा कार्यक्रम स्थल से जुड़े सभी आवश्यक कार्य समय पर पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व राजीव कहार, तहसीलदार डॉ. संजय बरैया, यशवंत सिंह गिन्नारे, राजेश दुबे, नगर पालिका सीएमओ वीरेंद्र तिवारी, पीडब्ल्यूडी एसडीओ, इंजीनियर कलमकार सहित विद्युत, जल संसाधन, शिक्षा, पीएचई एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।






