Multai Atikramana News : नगर में लगातार बढ़ते अतिक्रमण और अव्यवस्थित यातायात को लेकर प्रशासन ने मंगलवार को सख्त रुख अपनाते हुए संयुक्त कार्रवाई की। एसडीएम राजीव कहार के नेतृत्व में एसडीओपी एसके सिंह, सीएमओ वीरेंद्र तिवारी, थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार, सब इंजीनियर योगेश आनेराव सहित पुलिस, राजस्व और नगर पालिका के अमले ने थाना रोड से गांधी चौक होते हुए नागपुर नाका तक संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाया।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम राजीव कहार ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार नगर के मुख्य मार्गों को हर समय अतिक्रमण मुक्त रखना अनिवार्य है। इसका उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य राहत वाहनों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करना है। इसी के तहत अतिक्रमण और गंदगी वाले स्थानों को चिन्हित किया गया।
अभियान के दौरान कई स्थानों पर नालियों और चैंबरों की नियमित सफाई न होने से गंदगी जमा पाई गई। इस पर एसडीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए नगर पालिका के सफाई जमादार को कारण बताओ नोटिस जारी किया और तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए।
सीएमओ वीरेंद्र तिवारी को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रखने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। वहीं, थाना प्रभारी को सड़क किनारे लंबे समय से खड़े वाहनों पर चालानी कार्रवाई कर उन्हें जब्त करने और संबंधित वाहन मालिकों के खिलाफ न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत करने के आदेश दिए गए।
पुलिस और प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई से नगर के अतिक्रमणकारियों और व्यवसायियों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी ऐसे निरीक्षण और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।






