MP Crime Update : बैतूल। शाहपुर पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में करीब एक साल से फरार चल रहे मुख्य आरोपी केदार सिंह कुशवाह को भोपाल से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि मामले का एक अन्य आरोपी अभी भी फरार है।
जानकारी के अनुसार, यह मामला दो रेत कारोबारियों के बीच पैसों के लेन-देन के विवाद से जुड़ा है। 18 जनवरी 2025 को हुए विवाद के दौरान फरियादी राजेश विश्वकर्मा पर जानलेवा हमला किया गया था। आरोप है कि केदार कुशवाह और आशीष कुशवाह ने पहले फरियादी के साथ मारपीट की, इसके बाद आशीष उर्फ गिरिराज ने पिस्टल से फायर कर दिया। गोली सीने की बजाय फरियादी की बाईं जांघ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपियों ने घटना के बाद जान से मारने की धमकी भी दी थी।
इस संबंध में शाहपुर थाने में अपराध क्रमांक 33/25 के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही मुख्य आरोपी केदार सिंह कुशवाह फरार चल रहा था और पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी भोपाल की सागर सिल्वर स्प्रिंग कॉलोनी में छिपा हुआ है। इस पर कार्रवाई करते हुए 26-27 अप्रैल की दरमियानी रात पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल लाइसेंसी पिस्टल भी जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देश पर जिले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी राजेश कुमार तिवारी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। आरोपी की गिरफ्तारी में शाहपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमरे, उपनिरीक्षक सोनम साहू सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
फिलहाल, पुलिस फरार दूसरे आरोपी आशीष कुशवाह की तलाश में जुटी हुई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।






