Collector Order : बैतूल। जिले में लगातार बढ़ती भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के सभी स्कूलों में आगामी आदेश तक अवकाश घोषित कर दिया है। रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शनिवार के 41.5 डिग्री से अधिक है।
जारी आदेश के अनुसार, जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई, आईसीएसई, केंद्रीय विद्यालय और नवोदय विद्यालयों में कक्षा नर्सरी से 8वीं तक की कक्षाएं बंद रहेंगी। यह निर्णय लू के बढ़ते खतरे और बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
हालांकि, स्कूल पूरी तरह बंद नहीं रहेंगे। सभी शासकीय विद्यालयों के शिक्षक और संस्था प्रमुख सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक विद्यालय में उपस्थित रहकर आवश्यक शासकीय कार्य संपादित करेंगे। साथ ही, पहले से निर्धारित परीक्षाएं और अन्य प्रशासनिक कार्य यथावत जारी रहेंगे।
पिछले दो दिनों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी बढ़ने से लोगों को राहत नहीं मिल रही है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा छा जाता है। छोटे बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं इस भीषण गर्मी से सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि की संभावना है।
प्रशासन द्वारा उठाया गया यह कदम बच्चों को गर्मी के प्रकोप से सुरक्षित रखने के लिए एहतियात के तौर पर लिया गया है। बैतूल में फिलहाल गर्मी का असर जारी है।






