Multai News : बैतूल। जिले में चलाए जा रहे “मुस्कान अभियान” के तहत मुलताई पुलिस को अहम सफलता मिली है। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए लापता नाबालिग बालिका को गुजरात से सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया। इस कार्रवाई से पुलिस की तत्परता और सक्रियता सामने आई है।
थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि 21 अप्रैल को पीड़िता की मां ने मुलताई थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, उसकी नाबालिग बेटी 19 अप्रैल की शाम करीब 5 बजे घर से अचानक लापता हो गई थी।
परिजनों ने आशंका जताई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 277/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और टीमवर्क के आधार पर बालिका का सुराग गुजरात में लगाया। इसके बाद टीम को तत्काल रवाना किया गया और सफल कार्रवाई करते हुए बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। इस पूरी कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।






