Betul Collector Inspection : बैतूल। मंगलवार सुबह कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने शहर का सघन भ्रमण कर प्रमुख चौक-चौराहों और विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सौंदर्यीकरण, चौड़ीकरण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए, ताकि शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
प्रमुख चौकों का किया निरीक्षण
कलेक्टर ने भ्रमण के दौरान कॉलेज चौक, शिवाजी चौक, लल्ली चौक और न्यू बैतूल स्कूल चौक का जायजा लिया। कॉलेज चौक पर बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए उन्होंने सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्य के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और स्कूल-कॉलेज क्षेत्रों में यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश भी दिए।
शिवाजी और लल्ली चौक का होगा सौंदर्यीकरण
शहर के प्रमुख चौकों को आधुनिक स्वरूप देने के लिए कलेक्टर ने नगरपालिका को शिवाजी चौक और लल्ली चौक के सौंदर्यीकरण के प्रस्ताव तैयार करने को कहा। लल्ली चौक स्थित रोटरी को व्यवस्थित कर यातायात सुचारू बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
न्यू बैतूल स्कूल क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था पर फोकस
न्यू बैतूल स्कूल के पास प्रस्तावित गीता भवन स्थल का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने वहां सुनियोजित पार्किंग व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत ट्रेचिंग ग्राउंड का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
ट्रेचिंग ग्राउंड शिफ्ट करने के निर्देश
मुख्य नगरपालिका अधिकारी को ट्रेचिंग ग्राउंड को जल्द शिफ्ट करने और इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा ग्राम जामठी में प्रस्तावित फायर स्टेशन और इंटर स्टेट बस टर्मिनल (आईएसबीटी) स्थल का भी निरीक्षण किया गया।
एचएमटी फैक्ट्री में ली योजनाओं की जानकारी
कलेक्टर ने एचएमटी फैक्ट्री पहुंचकर उद्योग विभाग से आगामी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह, मुख्य नगरपालिका अधिकारी नवनीत पांडे और उद्योग विभाग के धीरज मंडलेकर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।






