Mp. Crime News : रोहाना-दाबका में 20 लाख की अवैध शराब सामग्री नष्ट, एमपी–महाराष्ट्र की संयुक्त कार्रवाई

On: January 9, 2026 7:24 AM
Follow Us:

Mp. Crime News : एमपी–महाराष्ट्र बॉर्डर पर अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने बड़ी संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस अभियान में लगभग 20 लाख रुपए मूल्य की अवैध शराब और उससे जुड़ी सामग्री को मौके पर ही नष्ट किया गया। कार्रवाई मध्यप्रदेश आबकारी विभाग, महाराष्ट्र आबकारी टीम और मुलताई पुलिस के सहयोग से की गई।

यह संयुक्त अभियान बैतूल जिला कलेक्टर के मार्गदर्शन एवं जिला आबकारी अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह चढ़ार के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्रवाई का नेतृत्व सहायक जिला आबकारी अधिकारी लीला सिंह मुकाती ने किया। अभियान में आबकारी वृत्त आठनेर प्रभारी जुथिका वर्मा तथा आबकारी उपनिरीक्षक शाहपुर पूजा मालवीय भी शामिल रहीं।

नदी-नालों के आसपास चला सघन तलाशी अभियान
संयुक्त टीम ने ग्राम रोहाना और दाबका क्षेत्र में नदी-नालों के आसपास सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त 100 ड्रम, लगभग 80 लीटर हाथ भट्टी मदिरा तथा करीब 20 हजार किलोग्राम महुआ लाहन बरामद कर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। नष्ट की गई सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 20 लाख रुपए बताया गया है।

महाराष्ट्र आबकारी व पुलिस का रहा सहयोग
महाराष्ट्र की ओर से राज्य उत्पादन शुल्क निरीक्षक मोर्शी एस.एस. खरे, उपनिरीक्षक प्रशांत वानखेडे, कुंदन कुमरे, मोर्शी उपनिरीक्षक संतोष वायाळ एवं उड़न दस्ता जिला अमरावती का स्टाफ मौजूद रहा। स्थानीय स्तर पर मासोद चौकी प्रभारी आर.के. राजपूत और पुलिस बल ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।

आरोपी फरार, 7 प्रकरण दर्ज
कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार पाए गए। उनके विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधित 2000) की धारा 34(1)(क) एवं 34(1)(च) के तहत कुल 7 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है।

आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और विक्रय के खिलाफ इस तरह की संयुक्त कार्रवाइयां आगे भी लगातार जारी रहेंगी। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या आबकारी विभाग को दें, ताकि जनस्वास्थ्य और कानून व्यवस्था को सुरक्षित रखा जा सके।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment