Cyber Fraud : बैतूल पुलिस ने संगठित साइबर अपराध के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन सट्टा व ठगी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। करीब 9.84 करोड़ रुपये के इस अवैध कारोबार की परतें खोलने के लिए साइबर सेल और एसआईटी की टीम बीते एक महीने से गोपनीय जांच में जुटी हुई थी।
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई में जांच का दायरा बैतूल से इंदौर होते हुए दुबई तक जा पहुंचा, जहां से अवैध बेटिंग वेबसाइटें संचालित की जा रही थीं।

बैतूल से हुई शुरुआत
20 नवंबर को पुलिस ने बैतूल से राजा उर्फ आयुष चौहान, अंकित राजपूत और नरेंद्र सिंह राजपूत को हिरासत में लिया। जांच में सामने आया कि अंकित राजपूत इस नेटवर्क का कैश मैनेजर था, जो अलग-अलग बैंक खातों में आई मोटी रकम को निकालकर आगे ट्रांसफर करता था।
इंदौर में मिला फाइनेंस का मास्टर
7 दिसंबर को इंदौर में की गई कार्रवाई में अमित अग्रवाल की गिरफ्तारी हुई। वह पूरे गिरोह की आर्थिक व्यवस्था संभाल रहा था—नए बैंक खाते, म्यूल अकाउंट्स, पैसों का लेन-देन और निवेश की जिम्मेदारी उसी के पास थी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि उसने ठगी की रकम से लग्जरी BMW कार और आलीशान बंगला खरीदा था।
मास्टरमाइंड तक पहुंची पुलिस
11 दिसंबर को इंदौर में ही पुलिस ने नेटवर्क की दो अहम कड़ियों—राजेंद्र राजपूत और ब्रजेश महाजन—को गिरफ्तार कर लिया।
राजेंद्र के पास से 20 एटीएम कार्ड, 8 बैंक पासबुक, 4 मोबाइल फोन और लेन-देन से जुड़ी डायरी बरामद हुई, जिससे करोड़ों के ट्रांजैक्शन का खुलासा हुआ।
वहीं ब्रजेश महाजन को इस पूरे रैकेट का दिमाग माना जा रहा है। बुलियन कारोबारी ब्रजेश दुबई से चल रही अवैध बेटिंग वेबसाइटों की मास्टर आईडी भारत में सप्लाई करता था, जिनकी कीमत 25 हजार से लेकर 2 लाख रुपये तक थी। उसके कब्जे से एक Hyundai Alcazar कार और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
दुबई तक जाती थी मनी ट्रेल
जांच में cretaexch.com, hulk44.com, diamondexch99.now और winjoy365.com जैसी कई अवैध वेबसाइटों के नाम सामने आए हैं। इन प्लेटफॉर्म्स के जरिए देशभर के सैकड़ों यूजर्स से पैसे वसूले जाते थे, जिन्हें बाद में दुबई भेजकर रियल एस्टेट, महंगी गाड़ियों और अन्य निवेशों में लगाया जाता था।
युवाओं को बनाया जा रहा था निशाना
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह युवाओं को जल्दी अमीर बनने का लालच देकर ऑनलाइन सट्टे और साइबर ठगी में फंसाता था, जिससे वे अनजाने में अपराध का हिस्सा बन जाते थे।
एसपी का सख्त संदेश
एसपी वीरेंद्र जैन ने कहा कि साइबर और आर्थिक अपराधों के खिलाफ बैतूल पुलिस की नीति पूरी तरह जीरो टॉलरेंस की है। अब तक 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और आगे डिजिटल फोरेंसिक जांच व मनी ट्रेल के जरिए इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी शिकंजा कसा जाएगा।






