Betul ki Khabar : बैतूल नगरपालिका परिषद की लंबे समय बाद आयोजित हुई महत्वपूर्ण पीआईसी बैठक बाल मंदिर सभाकक्ष में संपन्न हुई। दोपहर से शुरू हुई यह बैठक देर शाम तक चली, जिसमें नगर के विकास से जुड़े कुल 116 प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा कर सहमति बनाई गई।
बैठक में शहर के विभिन्न वार्डों में प्रस्तावित निर्माण कार्यों, सड़कों के उन्नयन और प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इसी क्रम में विनोबा वार्ड गंज आबकारी से अंडर ब्रिज होते हुए करबला घाट तक प्रस्तावित सीसी सड़क का नाम ‘अटल पथ’ रखने का निर्णय लिया गया।
इसके अलावा, निविदा प्रक्रिया में डामरीकरण के स्थान पर पेवर ब्लॉक अथवा सीसी कार्य कराए जाने के सुझाव पर भी सदस्यों ने अपने विचार रखे। अमृत 2.0 योजना के तहत ‘वूमन फॉर ट्री’ पहल की तर्ज पर अमृत महाअभियान में स्व-सहायता समूहों के माध्यम से किए जाने वाले पौधरोपण के लिए प्रति पौधा प्रतिमाह 50 रुपये प्रोत्साहन राशि देने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई।
बैठक में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नए फिल्टर प्लांट की स्थापना, जलप्रदाय शाखा के बजट में बढ़ोतरी और अवैध नल कनेक्शनों को वैध करने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। वहीं, नगरपालिका के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को उनकी योग्यता और वरिष्ठता के आधार पर वेतन भुगतान किए जाने संबंधी प्रस्ताव पर भी विचार-विमर्श किया गया।
वित्तीय वर्ष 2026-27 को ध्यान में रखते हुए आवारा कुत्तों के बधियाकरण व टीकाकरण, हाईड्रा क्रेन और पोकलेन मशीन किराए पर लेने सहित एक सैकड़ा से अधिक अन्य विकास कार्यों के प्रस्तावों पर भी बैठक में सहमति बनी।
इस बैठक में नगरपालिका अध्यक्ष पार्वती बारस्कर, उपाध्यक्ष महेश राठौर, सीएमओ सतीश मटसेनिया सहित सभापति एवं पीआईसी सदस्य उपस्थित रहे।






