Betul Winter News : बैतूल में मौसम का मिजाज बदला, तापमान बढ़ने से ठंड से राहत

On: January 8, 2026 8:32 AM
Follow Us:

Betul Winter News : जिले में मौसम ने करवट ले ली है। लगातार बढ़ रहे तापमान के कारण ठंड का असर कम होने लगा है। सुबह से धूप निकलने और कोहरे में कमी आने से आमजन ने राहत महसूस की है। पिछले कुछ दिनों से जारी कड़ाके की ठंड अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ती नजर आ रही है।

पिछले दिनों का तापमान रहा उतार-चढ़ाव भरा

मौसम विभाग के अनुसार 5 जनवरी को जिले में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री और अधिकतम 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके बाद 6 जनवरी को तापमान में गिरावट आई और न्यूनतम 7.5 तथा अधिकतम 22 डिग्री रहा। 7 जनवरी को न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री रहा, जबकि 8 जनवरी को इसमें तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई और न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इस तरह महज दो दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब 3.3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान में भी इजाफा हुआ है।

आने वाले दिनों में और बढ़ेगा तापमान

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में दिन का तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। इससे दिन के समय ठंड का असर और कम हो जाएगा, हालांकि रात और सुबह हल्की ठंड बनी रह सकती है।

ठंडी हवाओं का असर कम

सुबह और देर शाम ठंडी हवाओं का असर अब भी महसूस किया जा रहा है, लेकिन उनकी रफ्तार में काफी कमी आई है। पहले जहां हवाएं 24 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चल रही थीं, वहीं अब इनकी रफ्तार घटकर करीब 9 किलोमीटर प्रति घंटे रह गई है। हवा में नमी भी कम होकर 59 प्रतिशत पर पहुंच गई है।

किसानों को मिलेगी राहत

मौसम में आए इस बदलाव से किसानों को भी राहत मिलने की उम्मीद है। लगातार ओस और कोहरे के कारण फसलों को हो रहे नुकसान में कमी आएगी। धूप निकलने से खेतों में नमी संतुलित रहेगी और फसलों की बढ़वार बेहतर होगी।

रेल यातायात पर अब भी असर

हालांकि मौसम में सुधार के बावजूद रेल यातायात पर इसका असर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। दिल्ली की ओर से आने वाली कुछ ट्रेनें देरी से पहुंचीं। गोरखपुर एक्सप्रेस करीब 30 मिनट, पातालकोट एक्सप्रेस और राजधानी एक्सप्रेस लगभग दो-दो घंटे देरी से चलीं। वहीं समता एक्सप्रेस इटारसी की ओर करीब डेढ़ घंटे देरी से रवाना हुई, जबकि अन्य ट्रेनें लगभग अपने निर्धारित समय पर संचालित हुईं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment