Betul Winter News : जिले में कड़ाके की ठंड से लोगों को भले ही कुछ राहत मिली हो, लेकिन घना कोहरा लगातार परेशानी का कारण बना हुआ है। शुक्रवार सुबह कोहरे की घनी चादर छाई रहने से विजिबिलिटी घटकर मात्र 50 मीटर तक रह गई। इसके चलते सड़क पर चल रहे वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सुबह के समय घने कोहरे के कारण नेशनल हाईवे सहित शहर की प्रमुख सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। कम दृश्यता के चलते दुर्घटनाओं की आशंका बनी रही, जिससे वाहन चालकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी। कई स्थानों पर लोग हेडलाइट जलाकर धीमी गति से वाहन चलाते दिखाई दिए।

पांच दिन में 4 डिग्री बढ़ा न्यूनतम तापमान
पिछले पांच दिनों में जिले के न्यूनतम तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 28 दिसंबर को जहां रात का तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस था, वह बढ़कर अब 12.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। नए साल की शुरुआत के साथ ही तापमान दो अंकों में पहुंच गया, जबकि 2 जनवरी को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
पश्चिमी विक्षोभ से फिर बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते मध्यप्रदेश के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। आने वाले दिनों में एक बार फिर घने कोहरे के साथ शीतलहर और कोल्ड-डे जैसी स्थिति बनने की संभावना जताई गई है।
फसलों पर पड़ सकता है असर, किसानों को सलाह
घने कोहरे और धूप न निकलने से खेतों में नमी बनी रहने की संभावना है। तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण चना, मसूर और गेहूं जैसी रबी फसलों में रोग लगने का खतरा बढ़ सकता है। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सुबह के समय सिंचाई और कीटनाशक दवाओं के छिड़काव से बचने की सलाह दी है।






