Betul Winter News : बैतूल में ठंड ने फिर दिखाया तेवर, न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री, घना कोहरा बना परेशानी

On: January 5, 2026 6:18 AM
Follow Us:

Betul Winter News : जिले में ठंड ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। सोमवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो रविवार के 11.5 डिग्री की तुलना में करीब दो डिग्री कम है। अधिकतम तापमान में भी गिरावट आई है। सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता कम रही, जिससे वाहन चालकों को आवागमन में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

पिछले दस दिनों से जिले में मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। 26 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री दर्ज किया गया था, जो 27 दिसंबर को 8.7 डिग्री और 28 दिसंबर को 8.5 डिग्री तक गिर गया था। इसके बाद नए साल की शुरुआत में ठंड से थोड़ी राहत मिली और 2 जनवरी को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री तथा 3 जनवरी को 12.5 डिग्री तक पहुंच गया था। हालांकि जनवरी के पहले सप्ताह के अंत में ठंड ने फिर से वापसी कर ली है और तापमान दोबारा एक अंक में आ गया है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर दिशा से आ रही ठंडी हवाओं और साफ आसमान के कारण रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। आने वाले दिनों में सुबह और शाम के समय सर्दी और बढ़ने की संभावना जताई गई है।

लगातार कोहरे और कम धूप का असर अब फसलों पर भी दिखाई देने लगा है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि कोहरे के कारण चना और मटर जैसी फसलों को नुकसान की आशंका बढ़ गई है। खेतों में अधिक नमी से फसल रोग फैलने का खतरा बना हुआ है।

किसानों को सलाह दी गई है कि वे सुबह के समय छिड़काव और सिंचाई से बचें। शाम होते ही ठंडी हवाएं चलने लगती हैं, जिससे तापमान तेजी से गिरता है और गलन बढ़ जाती है। दिसंबर के अंत में चरम पर रही सर्दी, जनवरी के पहले सप्ताह में थोड़ी राहत के बाद अब फिर से अपना असर दिखा रही है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment