Betul Winter News : बैतूल में फिर बढ़ी ठंड, 10 बजे तक नहीं निकला सूरज, कोहरे से जनजीवन प्रभावित

On: January 4, 2026 7:53 AM
Follow Us:

Betul Winter News : जिले में ठंड का दौर एक बार फिर लौट आया है। रविवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 26 डिग्री रहा। सुबह के समय पूरे जिले में घना कोहरा छाया रहा, जिससे कई इलाकों में सुबह 10 बजे तक सूरज के दर्शन नहीं हो सके।

पिछले एक सप्ताह से तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 26 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री और अधिकतम 25.0 डिग्री था। इसके बाद 27 दिसंबर को तापमान 8.7/24.7 डिग्री और 28 दिसंबर को 8.5/24.8 डिग्री दर्ज किया गया।

नए साल की शुरुआत के साथ तापमान में कुछ बढ़ोतरी हुई। 2 जनवरी को न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री पहुंचा, जबकि 3 जनवरी को रात का पारा 12.5 डिग्री और दिन का तापमान 26.2 डिग्री दर्ज हुआ। हालांकि 4 जनवरी को एक बार फिर तापमान में गिरावट आई और न्यूनतम 11.5 डिग्री व अधिकतम 26.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

आसमान में बादल छाए रहने और उत्तर दिशा से चल रही ठंडी हवाओं के कारण ठंडक बनी हुई है। दिन में धूप निकलने के बावजूद वातावरण में गलन महसूस की जा रही है, वहीं शाम ढलते ही ठंडी हवाएं सिहरन बढ़ा रही हैं।

घने कोहरे के कारण दृश्यता में भारी कमी आई, जिससे सुबह के समय वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते मध्यप्रदेश में अगले कुछ दिनों तक सर्दी का असर बना रह सकता है।

ठंड और कोहरे का असर खेती पर भी पड़ रहा है। कृषि विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि लगातार कोहरा और कम धूप से चना और मटर जैसी फसलों को नुकसान होने की आशंका है। खेतों में नमी बढ़ने से फसलों में रोग लगने का खतरा भी बढ़ गया है। किसानों को सुबह के समय सिंचाई और छिड़काव से बचने की सलाह दी गई है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment