Betul Sports News : बैतूल के पुलिस ग्राउंड में रविवार को ‘वन बैतूल रन बैतूल’ मैराथन का आयोजन उत्साह और जोश के साथ किया गया। पिक्सल इवेंट द्वारा आयोजित यह मैराथन पूर्व सांसद स्वर्गीय विजय कुमार खंडेलवाल की स्मृति में रखी गई, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं और खेल प्रेमियों ने भाग लिया।
350 से अधिक धावक उतरे दौड़ में
आयोजकों के अनुसार मैराथन के लिए 180 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया था, लेकिन आयोजन के दिन करीब 350 धावक दौड़ में शामिल हुए। इससे युवाओं में खेलों को लेकर बढ़ते उत्साह का अंदाजा लगाया जा सकता है। पुलिस ग्राउंड में सुबह से ही खेल भावना और जोश का माहौल बना रहा।
विजेताओं को नकद पुरस्कार
प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार ₹10,000, द्वितीय पुरस्कार ₹7,000 और तृतीय पुरस्कार ₹5,000 रखा गया था।
पुरुष वर्ग में जीतू गुर्जर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, निरंजन सिंह दूसरे और संदीप यादव तीसरे स्थान पर रहे।
वहीं महिला वर्ग में पूजा यादव ने पहला स्थान हासिल किया, यशी द्वितीय और निशा कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।
मुख्य अतिथियों ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद सुमेर सिंह सोलंकी, केंद्रीय राज्यमंत्री डीडी उइके, पूर्व विधायक अलकेश आर्य और गंज नगर मंडल अध्यक्ष विकास मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
खेल युवाओं के लिए जरूरी : सोलंकी
इस अवसर पर सांसद सुमेर सिंह सोलंकी ने कहा कि युवाओं को ऊर्जावान और स्वस्थ बनाए रखने के लिए खेलों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘क्विट इंडिया, खेलो इंडिया’ नारे का उल्लेख करते हुए कहा कि इस पहल के बाद देशभर में खेलों के प्रति रुचि बढ़ी है और मैदानों में खिलाड़ियों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
पूरे आयोजन के दौरान पुलिस ग्राउंड में अनुशासन, खेल भावना और युवाओं का जोश देखते ही बन रहा था।






