Betul News : आमला–सारणी मार्ग पर कम दूरी की सड़क निर्माण की मांग को लेकर मंगलवार को आमला क्षेत्र के 20 से अधिक गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों ने बैतूल में जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीण लगभग 40 किलोमीटर का सफर तय कर कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे, जहां रैली निकालते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने आवरिया से ठानी होते हुए बेलोंड तक करीब 3 से 4 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान में आमला से सारणी जाने के लिए बोरी होकर लगभग 35 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है। इस मार्ग में एक खतरनाक घाट पड़ती है, जहां आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। बसों और भारी वाहनों के लिए यह रास्ता सुरक्षित नहीं होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों ने बताया कि यदि ठानी से बेलोंड के बीच नई सड़क का निर्माण हो जाता है, तो आमला से सारणी की दूरी करीब 20 किलोमीटर कम हो जाएगी। इससे न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी काफी हद तक कम हो सकेगी।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि सड़क निर्माण को लेकर शीघ्र सर्वे कर आवश्यक प्रक्रिया शुरू नहीं की गई, तो वे आंदोलन, चक्का जाम और भूख हड़ताल जैसे कदम उठाने को मजबूर होंगे। इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे को मौके पर बुलाने की मांग भी की।
सूचना मिलने पर विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे कलेक्ट्रेट पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा की। उन्होंने सड़क निर्माण के लिए सर्वे कराने का आश्वासन देते हुए कहा कि निर्माण कार्य को लेकर शासन स्तर पर हरसंभव सहयोग किया जाएगा। विधायक के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांतिपूर्वक अपने गांवों को लौट गए।






