Betul News : बैतूल जिले के भीमपुर क्षेत्र के ग्राम गुलहर ढाना में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां तीन महीने के मासूम बेटे को पास में बैठाकर बर्तन मांज रही एक महिला को जहरीले सांप ने डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में महिला की मौत हो गई। इस हादसे के बाद तीन छोटे बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया।

मृतिका की पहचान गुलहर ढाना निवासी 25 वर्षीय जयवती बर्डे के रूप में हुई है। वह अपने पति राकेश बर्डे और तीन बच्चों के साथ रहती थी।
बर्तन मांजते समय हुआ हादसा
पति राकेश बर्डे ने बताया कि शुक्रवार सुबह जयवती घर के बाहर बर्तन मांजने बैठी थी। उसका तीन महीने का दुधमुंहा बेटा भी पास में ही था। इसी दौरान अचानक एक जहरीला सांप आया और जयवती को डस लिया। काटने के बाद सांप पास के एक गड्ढे में घुस गया। जयवती के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे।
इलाज के दौरान बिगड़ी हालत
परिजन जयवती को तत्काल भीमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने करीब आधे घंटे तक उपचार किया। लेकिन जहर तेजी से शरीर में फैल रहा था। जयवती ने परिजनों को बताया कि उसे गले में कुछ अटकने जैसा महसूस हो रहा है और आंखों के सामने अंधेरा छा रहा है। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बैतूल जिला अस्पताल रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
तीन बच्चों के सिर से उठा मां का साया
मृतिका का पति राकेश बर्डे चिचोली के एक रेस्टोरेंट में काम करता है। जयवती अपने पीछे तीन छोटे बच्चे छोड़ गई है, जिनमें एक तीन माह का दुधमुंहा बच्चा भी शामिल है। इस हृदयविदारक घटना से गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।






