Betul News : रातामाटी खुर्द में टाइगर की सक्रियता, वन विभाग ने बढ़ाई चौकसी

On: December 3, 2025 8:22 AM
Follow Us:

Betul News : बैतूल जिले की चिचोली रेंज अंतर्गत रातामाटी खुर्द गांव में टाइगर की मौजूदगी के संकेत मिलने से स्थानीय लोगों में सतर्कता बढ़ गई है। ग्रामीणों द्वारा दी गई सूचना के बाद वन विभाग ने तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू करते हुए इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है।

सूत्रों के अनुसार, ग्रामीणों ने कुछ दिन पहले देर रात गन्ना खेतों के पास टाइगर की आवाजाही देखे जाने की जानकारी रेंज कार्यालय को दी थी। सूचना के बाद पहुंची वन टीम को किसान राजेश यादव के खेत में बड़े और स्पष्ट पगमार्क मिले, जिसके आधार पर टाइगर की मौजूदगी की पुष्टि की जा रही है।

वन विभाग ने रातामाटी खुर्द और आसपास के गांवों में मुनादी कर लोगों से रात के समय खेतों में अकेले न जाने की अपील की है। हालांकि, गन्ना और अन्य फसलों की सिंचाई के कारण किसानों का रात में खेतों तक जाना जरूरी होता है, इसलिए उन्हें अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

वन्यजीव विशेषज्ञों का मानना है कि यह मूवमेंट संभवतः सतपुड़ा टाइगर रिजर्व से होने वाली मौसमी आवाजाही का हिस्सा है। आमतौर पर टाइगर बिना शिकार किए किसी स्थान पर ज्यादा देर नहीं रुकते। अभी तक इलाके में किसी शिकार की सूचना सामने नहीं आई है।

पश्चिम वन मंडल के डीएफओ एल.के. वासनिक के निर्देश पर तीन विशेष टीमें लगातार निगरानी और सर्चिंग कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त टीमों को भी लगाया जाएगा। चिचोली रेंजर शैलेन्द्र चौरसिया ने बताया कि पगमार्क के आधार पर टाइगर होने की संभावना मजबूत दिख रही है, हालांकि ट्रैप कैमरों में अभी तक कोई रिकॉर्डिंग नहीं मिली है।

फिलहाल वन विभाग की टीमें संभावित मार्गों पर निगरानी बढ़ाए हुए हैं और ग्रामीणों को सुरक्षित रहने के निर्देश दिए जा रहे है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment