Betul News: बैतूल जिले के चिचोली विकासखंड में शनिवार को एक हैरान करने वाला मामला सामने आया, जब कक्षा पांचवीं की छात्रा ने स्कूल बस में न ले जाए जाने से नाराज़ होकर बस के सामने बैठकर विरोध प्रदर्शन किया। मामला चिचोली स्थित गुरु साहिब पब्लिक स्कूल से जुड़ा है।
आरटीई योजना के अंतर्गत पढ़ाई कर रही छात्रा सुरभि यादव, पिता दुर्गेश यादव, चूना हजूरी गांव की निवासी है, जो चिचोली से करीब 18 किलोमीटर दूर स्थित है। शनिवार सुबह जब स्कूल बस अन्य बच्चों को लेकर गांव से निकलने लगी, तब सुरभि स्कूल बैग लेकर सड़क पर बैठ गई और बस को आगे नहीं बढ़ने दिया।
परिजनों का आरोप: पूरे साल नहीं मिली बस सुविधा
छात्रा के परिवार का कहना है कि पूरे शैक्षणिक सत्र में सुरभि को नियमित रूप से बस सुविधा नहीं दी गई। नवंबर माह में कुछ दिनों के लिए ही बस आई, उसके बाद बिना किसी सूचना के सेवा बंद कर दी गई। इसी से आहत होकर बच्ची ने विरोध का रास्ता अपनाया और प्रशासनिक अधिकारियों को बुलाने की मांग की।
मौके पर पहुंचे अधिकारी और पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बच्ची और परिजनों को समझाइश दी और स्कूल प्रबंधन से चर्चा का भरोसा दिलाया। करीब तीन घंटे बाद धरना समाप्त कराया जा सका।
परिजन बोले: बच्चों की पढ़ाई से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
सुरभि के पिता दुर्गेश यादव ने कहा कि स्कूल की ओर से न तो कोई लिखित सूचना दी गई और न ही वाहन शुल्क को लेकर कोई नोटिस मिला। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बच्चों की पढ़ाई में बाधा डाली गई, तो वे आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे। वहीं मां आशा यादव ने बताया कि बस सुविधा न मिलने से बच्ची मानसिक तनाव में थी।
स्कूल प्रबंधन का पक्ष अलग
स्कूल प्रबंधन ने आरोपों को नकारते हुए कहा कि पालक बीते दो-तीन वर्षों से वाहन शुल्क जमा नहीं कर रहे हैं, जिसकी सूचना कई बार दी गई थी। प्रबंधन का यह भी कहना है कि परिजन बच्ची को नियमित रूप से स्कूल नहीं भेज रहे थे और शनिवार को ड्राइवर के साथ अभद्र व्यवहार किया गया।
हालांकि स्कूल ने स्पष्ट किया कि छात्रा को पढ़ाई या परीक्षा से वंचित नहीं किया गया है। प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद मामला फिलहाल शांत हो गया है।






