Betul News: बैतूल जिले के चिचोली थाना क्षेत्र में मोहदा के पास मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मजदूरी का काम करने वाले दो युवक बाइक से गदाखार की ओर जा रहे थे, तभी सामने से आ रही एक पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 20 वर्षीय मनोज पिता जिलु की मौत हो गई, जबकि उसका साथी दिलीप सानू गंभीर रूप से घायल हो गया।
टक्कर इतनी भीषण कि दोनों सड़क पर गिर पड़े
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप की टक्कर के बाद दोनों युवक दूर जाकर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाई और दोनों को भीमपुर सीएचसी पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर दोनों को जिला अस्पताल बैतूल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान मनोज ने दम तोड़ दिया, वहीं दिलीप की स्थिति अभी भी गंभीर बताई जा रही है।
पहचान में हुई गलती, आधार कार्ड से पुष्टि
मनोज तीन भाइयों में मंझला था। पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी, ऐसे में परिवार में उसकी मां ही जिम्मेदारी संभाल रही थीं। शुरुआती पुलिस दस्तावेज में युवक का नाम विनोद रामजी दर्ज हुआ था, लेकिन आधार कार्ड मिलने के बाद उसकी सही पहचान मनोज जिलु के रूप में हो सकी।
पिकअप चालक फरार, पुलिस की तलाश जारी
अस्पताल पुलिस चौकी ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर मर्ग कायम कर लिया है। साथ ही अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।






