Betul News: बैतूल के कोठीबाजार क्षेत्र स्थित मोक्षधाम में एक बार फिर चोरी की वारदात सामने आई है। नगर पालिका द्वारा तैयार किए जा रहे गैस आधारित शवदाह गृह से अज्ञात चोर महंगी मशीनें, मोटर और तांबे की वायरिंग निकाल ले गए। इस घटना के चलते शवदाह गृह का ट्रायल नहीं हो पाया और पूरा प्रोजेक्ट फिलहाल ठप हो गया है।
सोमवार को उस समय चोरी का खुलासा हुआ, जब गैस फर्नेस का परीक्षण करने कंपनी का प्रतिनिधि मोक्षधाम पहुंचा। मुख्य गेट का ताला खोलने पर पीछे का दरवाजा खुला मिला और अंदर रखी जरूरी मशीनरी व वायरिंग गायब पाई गई। इसके बाद समाजसेवी मुकेश झा के साथ कंपनी प्रतिनिधि ने कोठीबाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत में बताया गया है कि शवदाह गृह में सभी मशीनें 11 मई 2025 को स्थापित की गई थीं और कुछ ही दिनों में ट्रायल शुरू होना था। उल्लेखनीय है कि मोक्षधाम परिसर में पहले भी कई बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनकी शिकायतें पहले से दर्ज हैं। आशंका जताई जा रही है कि आसपास घूमने वाले नशे के आदी लोग इन वारदातों में शामिल हो सकते हैं।
थाना प्रभारी नीरज पाल के अनुसार, पुलिस को आवेदन प्राप्त हुआ है, हालांकि अभी एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। कुछ संदिग्धों की पहचान हुई है, जिन्हें पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। वहीं, स्थानीय नागरिकों ने मोक्षधाम में सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने की मांग की है, ताकि गैस शवदाह गृह का संचालन जल्द शुरू किया जा सके।






