Betul News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बहुप्रतीक्षित ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 129वें संस्करण का रविवार को भाजपा के 1675 संगठनात्मक बूथों पर एक साथ सामूहिक श्रवण किया गया। इस अवसर पर आमजन, भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। साथ ही अटल स्मृति वर्ष के अंतर्गत भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।

इसी क्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री रामकिशोर नानो कांवरे ने विधानसभा बालाघाट के ग्राम बघोली स्थित बूथ क्रमांक 276 पर आमजन, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं अपने परिवार के साथ ‘मन की बात’ सुनी। कार्यक्रम के पश्चात उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्गारों में निहित संकल्प, संवेदना और राष्ट्रभक्ति सदैव की तरह मन को छूने वाली रही। उनका प्रेरक संदेश सभी को नई ऊर्जा और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना से भर देता है।
हर भारतीय के लिए गर्व का विषय
भाजपा जिलाध्यक्ष रामकिशोर कांवरे ने कहा कि ‘मन की बात’ के 129वें संस्करण में प्रधानमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए इसे हर भारतीय के लिए गर्व का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि दुनिया ने स्पष्ट रूप से देख लिया है कि आज का भारत अपनी सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करता। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान विश्वभर में भारत माता के प्रति प्रेम और भक्ति की भावनाएं देखने को मिलीं। यही भावना वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने पर भी पूरे देश में देखने को मिली।
साइंस और स्पेस में भारत की बड़ी उपलब्धि
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी हेमेन्द्र क्षीरसागर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में वर्ष 2025 को गौरवपूर्ण क्षणों से भरा बताया। देश की सुरक्षा, खेल, विज्ञान, अनुसंधान और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत ने अपनी मजबूत पहचान बनाई है। विशेष रूप से साइंस और स्पेस के क्षेत्र में भारत ने बड़ी छलांग लगाकर विश्व में अपना परचम लहराया है।
कार्यक्रम ने कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों में राष्ट्रनिर्माण के प्रति नई प्रेरणा और उत्साह का संचार किया।






