Betul Samachar : पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर मनाए जाने वाले सुशासन दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ एक अहम कदम उठाया है। प्रदेश में 1 लाख रुपये से अधिक की साइबर वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में ई-जीरो एफआईआर व्यवस्था लागू की गई है।
यह प्रणाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साइबर सुरक्षित भारत विज़न और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन के अनुरूप शुरू की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर लागू इस व्यवस्था का उद्देश्य तकनीक के जरिए अपराधियों पर तेजी से शिकंजा कसना और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना है।
ई-जीरो एफआईआर के तहत पीड़ित 1930 हेल्पलाइन या नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर सकता है। शिकायत स्वतः ई-जीरो एफआईआर में बदल जाती है, जिससे जांच तुरंत शुरू हो जाती है। इससे साइबर अपराध के ‘गोल्डन ऑवर’ में राशि फ्रीज करने और डिजिटल सबूत सुरक्षित करने में मदद मिलेगी।
मध्यप्रदेश पुलिस का मानना है कि यह व्यवस्था साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और नागरिकों के लिए सरल, तेज व पारदर्शी न्याय प्रक्रिया सुनिश्चित करेगी।






