Betul News : बैतूल में भगवा झंडे जलाने की घटना, दो आरोपी गिरफ्तार, इलाके में शांति व्यवस्था कायम

On: January 10, 2026 11:05 AM
Follow Us:

Betul News : बैतूल के गंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब दो युवकों ने घरों और सड़कों के किनारे लगे भगवा झंडों को आग के हवाले कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से लगभग दस जले हुए भगवा झंडे बरामद किए गए हैं। बताया जा रहा है कि ये झंडे आगामी हिंदू सम्मेलन को लेकर लगाए गए थे।

पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई और उन्हें तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

एसडीओपी सुनील लाटा के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया
सहायक संचालक जनसंपर्क रोमित उइके ने बताया कि हिंदू संगठनों के झंडे जलाने की सूचना सबसे पहले कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी को मिली थी। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए कलेक्टर के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक और एसडीएम बैतूल डॉ. अभिजीत सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे।

एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह ने बताया कि क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी प्रकार का तनाव नहीं है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। वहीं पुलिस आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है।

प्रशासन ने आमजन से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment