Betul News: बैतूल में टिकारी–गाड़ाघाट सड़क निर्माण का भूमिपूजन, 789 लाख की लागत से बनेगी 2.7 किमी सड़क

On: November 23, 2025 9:04 AM
Follow Us:

Betul News: बैतूल। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने शनिवार को टिकारी–गाड़ाघाट मार्ग के पुनर्निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। 2.70 किलोमीटर लंबी इस सड़क पर लगभग 789.35 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। बैतूल स्टेशन मार्ग के नाम से बनने वाला यह मार्ग शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार लाएगा।

लंबे समय से लंबित मांग पूरी होने की बात

कार्यक्रम में उपस्थित केंद्रीय राज्य मंत्री डीडी सिंह उईके ने कहा कि यह सड़क ग्रामीणों और शहरवासियों की वर्षों पुरानी मांग थी, जो अब पूरी हो रही है। उन्होंने कहा कि बैतूल जिला विकास के मामलों में लगातार आगे बढ़ रहा है और भविष्य में प्रदेश के प्रमुख विकसित जिलों में शामिल होगा। साथ ही उन्होंने 2047 तक भारत के विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में हो रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया।

सड़क चौड़ी, लेकिन कुछ हिस्सों में अतिक्रमण बाधा

खंडेलवाल ने बताया कि सड़क दस मीटर चौड़ाई में बनाई जाएगी, हालांकि कुछ स्थानों पर यह सात मीटर और जहां अतिक्रमण है, वहां 5.50 मीटर तक सीमित रहेगी। उन्होंने कहा कि सड़क पहले भी स्वीकृत थी, लेकिन खराब हालत देखते हुए इसका पुनर्निर्माण जरूरी था।

अतिक्रमण हटाने की अपील

उन्होंने जनता से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की भी अपील की। खंडेलवाल ने कहा कि प्रशासन कार्रवाई करता है तो कई लोगों की आजीविका प्रभावित होती है, इसलिए बेहतर होगा कि लोग खुद आगे आएं और शहर को व्यवस्थित बनाने में सहयोग दें।

भविष्य में बड़े उद्योग आने की उम्मीद

खंडेलवाल ने कहा कि अगले पांच वर्षों में बैतूल में उद्योगों के आने की संभावनाएं बढ़ेंगी। उन्होंने बताया कि जहां मजबूत सड़क नेटवर्क और पोर्ट सुविधा होती है, वहीं उद्योग तेजी से विकसित होते हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि अच्छी सड़कों के निर्माण से जिले में औद्योगिक विकास के रास्ते खुलेंगे।

कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में सुधाकर पवार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष हंसराज बारस्कर, नगर पालिका अध्यक्ष पार्वतीबाई बारस्कर, उपाध्यक्ष महेश राठौर, वरिष्ठ भाजपा नेता आनंद प्रजापति, पार्षद वर्षा बारस्कर, रजनी वर्मा और सुभाष लोखंडे सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment