Betul Samachar : बैतूल जिले के गौठाना क्षेत्र स्थित गुरु गोविंद सिंह बस्ती में गुरुवार को एक भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अवस्थी मैदान से निकाली गई 108 जलकलशों की शोभायात्रा के साथ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। जलकलश यात्रा नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए मुख्य आयोजन स्थल तक पहुंची।
यात्रा के दौरान भारत माता की जय के उद्घोष, मनमोहक झांकियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ शोभायात्रा में सहभागिता निभाई। आयोजन स्थल पर पहुंचने के बाद विधिवत 9 कुंडीय गायत्री महायज्ञ संपन्न कराया गया, जिसमें मंत्रोच्चार और आहुतियों के साथ वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा।
इसके पश्चात आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों और बौद्धिक सत्र में वक्ताओं ने सामाजिक जागरण और हिंदू मूल्यों पर विचार रखे। कार्यक्रम के दौरान सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ भी किया गया। सम्मेलन में ‘पंच परिवर्तन’ विषय पर आधारित विशेष झांकी आकर्षण का केंद्र रही।
इस आयोजन में गंगोत्री, अष्ट विनायक, शांति नगर, शारदा नगर, महादेव नगर, विंध्याचल नगर, वैष्णवी नगर, बैतूल टाउन, शक्ति नगर, शिवलोक कॉलोनी, चिखलार एवं वृंदावन नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में हिंदू परिवारों की सहभागिता रही। आयोजन समिति ने इसे सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बताया।






