Betul News : बैतूल जिले के दतोरा, पिसाटा और सेंदूरजन क्षेत्र के किसानों ने देहगुड़ जलाशय से सिंचाई के लिए पानी की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने “नहर दो नहीं तो जहर दो” के नारे लगाए और प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को उग्र रूप दिया जाएगा।
किसानों ने कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में बताया कि देहगुड़ जलाशय की नहर 12 दिसंबर 2025 को चालू की गई थी। करीब 14 किलोमीटर लंबी नहर से अब तक केवल 5 से 6 किलोमीटर तक ही पानी पहुंच पाया है, जिससे अंतिम छोर के किसानों की फसलें सूखने की कगार पर हैं।
ज्ञापन में किसानों ने आरोप लगाया कि कुछ प्रभावशाली लोग नहर को तोड़कर और गड्ढे व कुएं खोदकर पानी को कमांड क्षेत्र से बाहर मोड़ रहे हैं। इसके चलते सैकड़ों एकड़ खेतों को सिंचाई का पानी नहीं मिल पा रहा है और कई किसानों की फसलें पूरी तरह नष्ट हो चुकी हैं।
किसानों ने मांग की कि नहर से अवैध रूप से पानी ले जाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए और सभी किसानों को समान रूप से सिंचाई का पानी उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।






