Betul News: बैतूल के गंज थाना क्षेत्र में रविवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब सेंट्रल स्कूल के पास एक युवक का शव पड़ा हुआ मिला। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की।
मृतक की पहचान 35 वर्षीय चंद्रशेखर दांते, निवासी ग्राम गोधनी (तहसील प्रभातपट्टन) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक वह बैतूल के ग्रीन सिटी स्थित अपने ससुराल आया हुआ था।
एक दिन पहले पहुंचा था बैतूल
गंज थाना प्रभारी डीएसपी शिफा हाशमी ने बताया कि चंद्रशेखर शनिवार को ही गांव से बैतूल आया था। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि असल कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही सामने आ पाएगा।
परिजनों ने शराब पीने की लत बताई
परिजनों के मुताबिक चंद्रशेखर को शराब पीने की आदत थी और संभावना है कि शनिवार रात नशे में होने के कारण वह बाहर ही पड़ा रह गया हो। हालांकि, पुलिस किसी भी संभावना से इंकार नहीं कर रही है और सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को जिला अस्पताल भेजकर अज्ञात कारणों से मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।






