Betul Samachar : बैतूल जिले में माचना पुल के पास रेलवे लाइन पर ट्रेन की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई। यह हादसा गंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत खंबा नंबर 852/25 के पास हुआ। मृतक की पहचान ग्राम बाजपुर निवासी नंदकिशोर दहिकर (42) के रूप में हुई है।
रात को निकले, नहीं लौटे घर
जानकारी के अनुसार, नंदकिशोर दहिकर शुक्रवार रात घर पर भोजन करने के बाद बाहर निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी तलाश की, मगर कहीं कोई पता नहीं चल सका।
रेलवे ट्रैक पर मिला शव
शनिवार सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच रेलवे कर्मचारियों ने माचना पुल के पास रेलवे ट्रैक के समीप एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना गंज पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा कर जिला अस्पताल भेजा गया। पहचान न होने के कारण शव को जिला अस्पताल के फ्रीजर में रखवाया गया और परिजनों की तलाश शुरू की गई।
गुमशुदगी रिपोर्ट से हुई पहचान
रविवार सुबह परिजन नंदकिशोर की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने गंज थाने पहुंचे। इसी दौरान जिला अस्पताल में रखे शव की पहचान नंदकिशोर दहिकर के रूप में हुई।
मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी
रविवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने बताया कि नंदकिशोर खेती-किसानी का कार्य करते थे। उनके परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। परिजनों के अनुसार, कुछ समय से उनकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि नंदकिशोर रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचे और किस ट्रेन की चपेट में आए। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।






