Betul News : शुक्रवार को मुलताई में भाजपा ने कांग्रेस की ओर से आयोजित विरोध प्रदर्शन रैली पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष गणेश साहू ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक रैली में भीड़ बढ़ाने के लिए आईटीआई के छात्रों का इस्तेमाल कर रही है, जो सीधे तौर पर उनके भविष्य से खिलवाड़ है।
भाजपा मीडिया प्रभारी रामचरण मालवीय ने बताया कि यह मामला 8 जनवरी, गुरुवार को कांग्रेस द्वारा आयोजित विरोध प्रदर्शन रैली का है। इस रैली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ आईटीआई के छात्रों को भी शामिल किया गया था। भाजपा का कहना है कि पढ़ाई कर रहे छात्रों को राजनीतिक गतिविधियों में शामिल करना निंदनीय है।

नगर मंडल अध्यक्ष गणेश साहू ने कहा कि कांग्रेस का यह कदम पूरी तरह अनुचित है। पार्टी अपने राजनीतिक हितों की पूर्ति के लिए छात्रों का सहारा ले रही है, जो राजनीति के गिरते स्तर को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के समय छात्रों को रैलियों में शामिल करना उनकी पढ़ाई के साथ-साथ मानसिक और सामाजिक विकास पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है।
भाजपा मीडिया प्रभारी रामचरण मालवीय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस लंबे समय से सत्ता से बाहर है और अब उसके पास पर्याप्त कार्यकर्ता नहीं बचे हैं। इसी हताशा में पार्टी विरोध प्रदर्शनों में भीड़ जुटाने के लिए छात्रों का उपयोग कर रही है।
भाजपा ने कांग्रेस से अपील की है कि छात्रों को राजनीति से दूर रखा जाए और उन्हें अपने भविष्य निर्माण पर ध्यान केंद्रित करने दिया जाए। भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं तो पार्टी इसका कड़ा विरोध करेगी। साथ ही अभिभावकों और शिक्षण संस्थानों को जागरूक करने के लिए अभियान भी चलाया जाएगा।






