Betul Samachar : बैतूल जिले के भीमपुर क्षेत्र में किसानों ने नकली खाद बेचे जाने का गंभीर आरोप लगाया है। किसानों के मुताबिक उन्होंने खेत के लिए जो खाद की बोरी खरीदी थी, उसे खोलने पर उसमें मिट्टी, कंकड़ और छोटे पत्थर मिले। मामले की शिकायत किए जाने के बावजूद प्रशासन की चुप्पी से किसान नाराज हैं।
किसानों का दावा: खाद की जगह मिला पत्थर
भीमपुर के किसान ओसा पिता भीमपुर और ओझा पिता हीमत भीमपुर ने बताया कि उन्होंने स्थानीय दुकानदार संतोष राठौर की कृषि दुकान से संजीवनी कंपनी की ‘राखड़ खाद’ खरीदी थी। लेकिन जब वे खेत में खाद डालने पहुंचे, तो बोरी खोलते ही उन्हें उसमें मिश्रित पत्थर और कंकड़ नजर आए।
दुकानदार का तिरस्कारपूर्ण जवाब
किसानों का कहना है कि जब उन्होंने दुकान संचालक से इस बारे में पूछा, तो उसने उल्टा जवाब देते हुए कहा—“जो करना है कर लो।” इस व्यवहार से आक्रोशित किसानों ने तत्काल कृषि विभाग, जनपद पंचायत, तहसीलदार और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों को लिखित शिकायत सौंप दी।
15 दिन में नहीं हुई कोई ठोस कार्रवाई
कृषि विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा तो तैयार किया, लेकिन 11 नवंबर से 25 नवंबर तक पूरे 15 दिन बीत जाने के बाद भी कार्रवाई का कोई परिणाम किसानों को नहीं मिला। किसान इसे प्रशासनिक लापरवाही बता रहे हैं।
आदिवासी किसान लगातार हो रहे परेशान
भीमपुर–पलासपानी इलाके के कई आदिवासी किसान बताते हैं कि क्षेत्र में अमानक खाद और खराब गुणवत्ता के बीज लंबे समय से बेचे जा रहे हैं। इससे उनकी फसलें प्रभावित होती हैं और उन्हें हर सीजन भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ता है।
कलेक्टर से न्याय की गुहार
किसानों ने मांग की है कि नकली खाद बेचने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएँ, ताकि उन्हें बार-बार ठगी का शिकार न होना पड़े।






