Betul News: बैतूल जिले में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है। जिले को जल्द ही राष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम और आधुनिक सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक मिलने जा रहा है। इन दोनों परियोजनाओं का निर्माण मुख्यमंत्री विशेष निधि से लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। नगर पालिका बैतूल द्वारा इसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
इन नई सुविधाओं के तैयार होने से जिले के उभरते खिलाड़ियों को अपने ही शहर में बेहतर प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धा का अवसर मिलेगा। साथ ही, भविष्य में बैतूल में राज्य और राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन का रास्ता भी खुलेगा।
उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में बनेगा क्रिकेट स्टेडियम
उत्कृष्ट विद्यालय बैतूल की भूमि पर लगभग 4.5 करोड़ रुपये की लागत से एक अत्याधुनिक क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। यह स्टेडियम राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप होगा और इसमें करीब एक हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था रहेगी। स्टेडियम में पवेलियन, बाउंड्री वॉल, फेंसिंग, आरसीसी ड्रेनेज सिस्टम, मुख्य प्रवेश द्वार, पार्किंग, शौचालय, रेस्ट रूम, बिजली व्यवस्था और दर्शक दीर्घा जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं शामिल होंगी।
पुलिस परेड ग्राउंड में बनेगा सिंथेटिक ट्रैक
वहीं पुलिस परेड ग्राउंड बैतूल में लगभग 40 लाख रुपये की लागत से पांच लेन वाला 100-100 मीटर का सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक बनाया जाएगा। यह ट्रैक जिले के युवाओं को सेना, पुलिस, वन विभाग सहित अन्य सेवाओं की शारीरिक दक्षता परीक्षाओं की तैयारी में मदद करेगा। साथ ही एथलेटिक्स खिलाड़ियों को भी आधुनिक प्रशिक्षण सुविधा उपलब्ध होगी।
इस संबंध में विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि बैतूल में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें बेहतर संसाधन और मंच उपलब्ध कराने की है। इसी सोच के साथ जिले में क्रिकेट, हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और एथलेटिक्स जैसे खेलों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं वाला स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किया जा रहा है। इन योजनाओं से बैतूल को खेलों के राष्ट्रीय मानचित्र पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।






