Betul Samachar: बैतूल में नाबालिग विवेक मरकाम की हत्या के मामले में पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। मुख्य आरोपी अन्नू ठाकुर, उसके पिता कृपाल ठाकुर और साथी जुनैद को पुलिस ने चुन्नीढाना स्थित अन्नू के घर से गंज और कोठीबाजार के प्रमुख मार्गों से जुलूस के रूप में ले जाया। इस दौरान क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहा और लोगों की भीड़ भी जुटी।
इस मामले में अब तक अन्नू ठाकुर, उसके पिता कृपाल ठाकुर, जुनैद और दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, तीन आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। सभी पकड़े गए आरोपियों को न्यायालय में पेश किए जाने की प्रक्रिया चल रही है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार दोपहर 17 वर्षीय विवेक मरकाम को चुन्नीढाना क्षेत्र में आरोपियों ने अगवा कर मारपीट की थी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश देखने को मिला था।
बताया गया है कि अन्नू और जुनैद को भारत भारती क्षेत्र से हिरासत में लिया गया, जबकि कृपाल ठाकुर को उसके निवास से पकड़ा गया। फरार आरोपियों में रोहित और अभिषेक ठाकुर (अन्नू का भाई) सहित तीन लोग शामिल हैं। कुल सात लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है।

पुराने विवाद की बात आई सामने
जांच में यह सामने आया है कि विवेक और अन्नू के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था। एक पुराने सड़क हादसे के बाद दोनों पक्षों में तनाव बढ़ा था और इसी रंजिश ने बाद में गंभीर रूप ले लिया। प्राथमिक पूछताछ में आरोपियों ने आपसी दुश्मनी की बात स्वीकार की है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए सामान भी जब्त कर लिए हैं।
मृतक विवेक की मां शिक्षिका हैं, जबकि पिता वन विभाग में कार्यरत हैं। घटना के विरोध में नागरिकों ने चुन्नीढाना से गंज मार्केट, कॉलेज रोड और कोठीबाजार तक प्रदर्शन करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।






