Betul News : बैतूल पुलिस ने जनपद पंचायत भीमपुर और चिचोली में स्वच्छ भारत मिशन के तहत हुए 13 करोड़ 21 लाख रुपए से अधिक के गबन मामले में शनिवार को एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान इंदौर निवासी पंकज यादव (35) के रूप में हुई है, जिसे इंदौर से गिरफ्तार किया गया।
यह मामला 19 मार्च 2025 को जिला समन्वयक अधिकारी इंदिरा मेहतो द्वारा चिचोली थाने में दर्ज कराई गई शिकायत से जुड़ा है। शिकायत में बताया गया था कि स्वच्छ भारत मिशन की राशि में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितता की गई है। इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 409, 120 (बी) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।
पुलिस जांच में यह चौथी गिरफ्तारी है। विवेचना के दौरान सामने आया कि गबन की गई राशि में से करीब 3 करोड़ 27 लाख रुपए आरोपी पंकज यादव तक पहुंचे थे। पूछताछ में पंकज ने बताया कि यह राशि उसे पहले से गिरफ्तार आरोपी युमेंद्र उर्फ दीपक रहांगडाले के माध्यम से मिली थी।
आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि युमेंद्र के कहने पर उसने राजेंद्र और उसकी पत्नी से कुछ राशि नकद और कुछ बैंक खाते के जरिए प्राप्त की थी। पंकज यादव ने पुलिस को बताया कि वह इंदौर में एक हॉस्टल संचालित करता है और उस पर लिए गए लोन का दबाव था। इसी दौरान गीता भवन क्षेत्र में उसकी मुलाकात युमेंद्र से हुई थी, जिसने उसे पैसों का लालच देकर इस मामले में शामिल किया।
पुलिस ने आरोपी पंकज यादव को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है और आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।






