Betul News: बैतूल जिले में रविवार शाम भोपाल–नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बरेठा घाट के पास अचानक यातायात व्यवस्था चरमरा गई। घाट में एक वाहन के खराब हो जाने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे हाईवे पर करीब दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। शाम करीब 6.30 बजे शुरू हुआ यह जाम धीरे-धीरे बरेठा गांव से बाचा गांव तक फैल गया।
जाम में यात्री बसें, निजी कारें, चारपहिया वाहन और भारी ट्रक फंसे रहे। हालात ऐसे थे कि वाहन रेंग-रेंग कर आगे बढ़ते नजर आए। इस दौरान कई एंबुलेंस भी जाम में फंस गईं, जिससे यात्रियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस और प्रशासन मौके पर सक्रिय
थाना प्रभारी देवकरण डहरिया ने बताया कि घाट के संकरे हिस्से में एक वाहन बीच सड़क पर खराब हो गया था, जिससे यातायात बाधित हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया और अधिकारियों ने स्वयं भी स्थिति संभालने के लिए घटनास्थल का रुख किया। प्राथमिकता के आधार पर एंबुलेंस और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को निकालने का प्रयास किया गया।
पुलिस और प्रशासन की टीमों ने लगातार प्रयास कर जाम को नियंत्रित किया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य होने लगा। हालांकि, देर शाम तक भोपाल–नागपुर मार्ग पर वाहनों की रफ्तार धीमी बनी रही।
पहले भी चर्चा में रहा है बरेठा घाट
गौरतलब है कि बरेठा घाट की सड़कें पहले भी अपनी खराब हालत को लेकर सुर्खियों में रही हैं। हाल ही में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के इस मार्ग से गुजरने के बाद सड़क की जर्जर स्थिति के वीडियो और शिकायतें सामने आई थीं। इसके बाद एनएचएआई द्वारा मरम्मत कार्य कराया गया था। इसके बावजूद घाट क्षेत्र में बार-बार यातायात बाधित होने से लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।






